गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम में सुचारु यातायात के लिये तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को अब परेशानियों का सामना नहीं करना होगा। धाम में सुचारु यातायात के लिये शासन की ओर से एक करोड़ 19 लाख 48 हजार की लागत से दो किलोमीटर बाइपास सड़क निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। वहीं पोखरी ब्लॉक में भी शासन की ओर से नखोलियांणा-पोखरी चार किलोमीटर सड़क का 74.18 लाख की लागत से निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। दोनों सड़कों की स्वीकृति के साथ ही प्रमुख सचिव की ओर जारी आदेश में वर्ष 2020-21 में सड़क के निर्माण के लिये 10 हजार की धनराशि अवमुक्त की गई है।
बदरीनाथ धाम में यात्राकाल के दौरान एकमात्र सड़क होने से लगने वाले जाम की स्थिति को देखते हुए लोनिवि की ओर से प्रस्तावित दो किलोमीटर बदरीनाथ बाईपास सड़क निर्माण को शासन की ओर से स्वीकृति प्रदान की गई है। जानकारी देते हुए बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि जल्द ही यहां सड़क का निर्माण कार्य शुरु करवाया जाएगा। वहीं उन्होंने बताया कि पोखरी ब्लॉक के नखोलियांणा के ग्रामीणों की मांग पर यहां नखोलियांणा-पोखरी सड़क को स्वीकृति प्रदान की गई है। कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवाजाही के लिये दिक्कतें नहीं झेलनी पडेंगी।
