posted on : April 29, 2023 5:55 pm
  • अब तक अटलाकोटी ग्लेशियर तक चार फीट चैड़ा मार्ग बन कर हुआ तैयार 
  • 20 मई को खुलेंगे हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट

गोविंदघाट (चमोली)। उत्तराखण्ड राज्य में चारधाम यात्रा का आगाज हो चुका है। इसके साथ ही श्री हेमकुण्ट साहिब की यात्रा आगामी 20 मई  से आरंभ होने जा रही है। पैदल यात्रा मार्ग से बर्फ हटाकर मार्ग बनाने का कार्य भारतीय सेना के जवानों ने 20 अप्रैल से शुरू कर दिया था। सेना के जवानों ने अटलाकोटी ग्लेशियर को काटकर चार फीट चैड़ा मार्ग बना दिया है। शनिवार से हेमकुंड साहिब के नीचले भाग में रास्ता बनाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। 

गुरूद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 20 अप्रैल से भारतीय सेना के 418 इंडीपेंडेंट इंजीनियर के जवानों ने हेमकुण्ट साहिब से पहले अटलाकोटी ग्लेशियर को काटकर चार फीट चैड़ा मार्ग बना दिया गया है। श्री हेमकुण्ट साहिब में भी बर्फ है एवं सरोवर भी पूरी तरह से बर्फ से ढका है। शनिवार से भारतीय सेना के जवान, ट्रस्ट सेवादारों के साथ मिलकर हेमकुण्ट साहिब से नीचे आने वाले मार्ग से बर्फ हटाने व मार्ग को दुरस्त करने के कार्य में जुट जाएगें। मौसम की परिस्थिति को देखते हुए भारतीय सेना के जवानों ने पूर्ण रूप से आश्वासन दिया है पैदल यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने और मार्ग को चैड़ा करने का कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से भी आश्वस्त किया गया है कि 20 मई  से शुरू होने वाली यात्रा में किसी भी प्रकार व्यवधान और विघ्न नहीं आएगा एवं श्रृद्धालु सुखद ढंग से निर्विघ्न यात्रा करके गुरूघर का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि सेना के जवान हवलदार मलकीत सिंह, हवलदार हरसेवक सिंह मार्ग से बर्फ हटाकर रास्ता बनाते हुए गुरूद्वारा हेमकुण्ट साहिब के प्रबंधक गुरनाम सिंह और अन्य सेवादारों के साथ मिलकर हेमकुण्ट साहिब पहुंच गए हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!