posted on : May 1, 2024 5:53 pm

गोपेश्वर(चमोली)। चमोली में स्थित हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे की यात्रा तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन, भारतीय सेना और गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने तैयारियां शुरु कर दी हैं। जिसके तहत भारतीय सेना की 418 इंजीनियरिंग कोर के जवानों की ओर से हेमकुंड साहिब यात्रा के पैदल मार्ग पर चार किलोमीटर हिस्से से बर्फ हटाकर पैदल आवाजाही सुचारू कर दी है। जबकि अभी भी दो किलोमीटर मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य किया जा रहा है।

बदरीनाथ धाम की यात्रा शुरु होने के बाद आगामी 25 मई को हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे के कपाट खोले जाने हैं। जिसे लेकर भारतीय सेना की 418 इंजीनियरिंग कोर के हवलदार हर सेवक सिंह के नेतृत्व में जवानों की ओर से इन दिनों यात्रा के पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य किया जा रहा है। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि यात्रा मार्ग पर चार किलोमीटर तक बर्फ हटाकर पैदल आवाजाही सुचारू कर दी गई है। जबकि गुरुवार से यहां यात्रा मार्ग पर पैदल मार्ग के साथ ही घोड़ा-खच्चर मार्ग से भी बर्फ हटाने का कार्य शुरु कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि घांघरियां में गुरुद्वारे में आवास के साथ ही पेयजल और विद्युत व्यवस्था को भी चाक-चौबंध करने का कार्य सेवादारों की ओर से शुरु कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ऊर्जा निगम और संचार निगम की ओर से शुक्रवार तक घाटी में विद्युत और संचार की व्यवस्था सुचारु करने की बात कही गई है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!