गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में शुक्रवार शाम से हो रही बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जहां जिले में घंटों बंदरीनाथ हाईवे चार स्थानों पर बाधित पड़ा रहा। वहीं भारत-चीन सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाला जोशीमठ-मलारी हाईवे भी अभी तक सुचारु नहीं हो सका है। इसके साथ ही जिले में शुक्रवार शाम से हुई बारिश के चलते 12 ग्रामीण सड़कें भी बाधित पड़ी हुई हैं।
चमोली जिले में शुक्रवार रात्रि को मूसलाधार बारिश होने से बदरीनाथ हाईवे शनिवार को भनेरपाणी, पगलनाला और टंगणी में दोपहर 12 बजकर 40 मिनट तक बाधित पड़े रहे। जिसके बाद यहां एनएचआईडीसीएल की ओर से मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई गई। जबकि सुबह क्षेत्रपाल में बंद पड़े हाईवे को सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर सुचारु कर दिया गया था। वहीं 13 अगस्त से बाधित पड़ी सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाला जोशीमठ-मलारी हाईवे शनिवार को भी सुचारु नहीं हो सका है। यहां पहाड़ी से लगातार गिर रहा मलबा और पत्थर हाईवे सुधारीकरण के लिये चुनौती बना हुआ है। साथ ही मौसम के खराब होने के चलते घाटी के प्रस्तावित हैलीकाप्टर सेवा का संचालन भी नहीं हो पा रहा है। ऐसे में प्रशासन की ओर से यहां बनाये गये पैदल मार्ग से ग्रामीणों की आवाजाही करवाई जा रही है। बारिश से ग्रामीण क्षेत्र भी खासे प्रभावित हुए हैं। जिले में शनिवार को 12 ग्रामीण सड़कें बाधित पड़ी रही, जिससे लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का समाना करना पड़ रहा है।
