posted on : April 14, 2021 5:45 pm

थराली (चमोली)। पिंडर घाटी के गांवों में बैशाख के माह में आयोजित होने वाले बैशाख महोत्सव का बुधवार को क्षेत्रीय देवताओं के गंगा स्नान के बाद कुलसारी माँ काली और भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का आगाज हो गया है। जिसके बाद आगामी 29 अप्रैल तक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मेलों का आयोजन किया जाएगा। 29 अप्रैल को भटियांणा गांव में कुवांरी देवी की पूज-अर्चना के बाद बैशाख महोत्सव का समापन किया जाएगा। वहीं नारायणबगड़ के पंती गांव के मींग महादेव मंदिर में भी अनुष्ठान के साथ मेले का आयोजन शुरु हो गया है।

घाटी में आयोजित होने वाले बैशाख महोत्सव के तहत बुधवार को मलियाल देवता, कुलसारी महादेव, मेटा मल्ला देवता, चैंडा के देवी-देवताओं के निशान कुलसारी पहुंचे। जहां देवी-देवताओं ने पिंडर नदी में गंगा स्नान कर कुलसारी मंदिर में पूजा-अर्चना की। यहां ग्रामीणों और देवी भक्तों ने मां काली और भगवान सूर्य के साथ ही क्षेत्रीय देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगी। अनुष्ठान के दौरान अपने पश्वाओं पर देवी-देवताओं ने अवतरित होकर भक्तों का आशीर्वाद दिया। कुलसारी मां दक्षिण काली मंदिर के पुजारी मनीष सती ने बताया कि महोत्सव के दौरान 15 अप्रैल को माल, 16  को कोब व खनोली, 17 को असेड सिमली, 18 को मलयाल थोक व हंसकोटी तथा 29 अप्रैल को पूर्णिमा के दिन भटियाणा गांव में मां कुंवारी देवी के मंदिर में मेले का आयोजन किया जाएगा। भटियांणा में मेले के आयोजन के साथ ही महोत्सव का समापन होगा। इस मौके पर केसर सिंह, खिलाफ सिंह, मनोज कुमार, हरिबल्लभ जोशी, अनिल चंदोला, पंकज पुरोहित आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!