गोपेश्वर (चमोली)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा को अपने विधायकों पर विश्वास नहीं रह गया है। इसलिए वे कांग्रेस के पूर्व से लेकर वर्तमान विधायकों को रिझाने में जुटे हुए है ताकि किसी भी तरह से आने वाले समय में दुबारा से प्रदेश में सरकार बना सकें।
सोमवार को गैरसैण को राज्य की स्थायी राजधानी बनाये जाने की मांग को लेकर जेल में आमरण अनशन पर बैठने के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती प्रवीण का हालचाल जानने गोपेश्वर पहुंचे थे। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा वह पार्टी के जो छल और बल के आधार पर सत्ता पर काबिज होना चाहती है। उसे देश और प्रदेश के विकास और जनता की भावनाओं से कोई सरोकार नहीं है। इसलिए वह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर डोरे डालने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आमरण अनशन पर बैठे प्रवीण से मुलाकात कर उन्होंने उनका आमरण अनशन समाप्त करवा दिया है। आंदोलन कारी ने कांग्रेस पर अपना विश्वास जताया है आने वाले समय में उनके हर सवालों का हल निकाला जाएगा।
उन्होंने भाजपा के प्रभारी दुष्यंत गौतम की ओर से राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी का तल्ख शब्दों में भत्र्सना करते हुए कहा कि उनके इस बयान से भाजपा के कार्यकर्ताओं के चाल, चरित्र का चेहरा उजागर हो रहा है। उन्होंने कहा कि गौतम जैसे कार्यकर्ता उस पार्टी के है जो समाज को जोड़ने बजाय तोड़ने का काम करते है। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिह रावत, प्रदेश महामंत्री हरीकृष्ण भट्ट, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, मुख्य प्रवक्ता विकास जुगरान, पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र लाल, नपा अध्यक्ष जोशीमठ शैलेंद्र पंवार, कमल रतूड़ी, रविंद्र कुमार आदि मौजूद थे।
किसानों के समर्थन में फूंका केंद्र सरकार का पुतला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय गोपेश्वर के तिराहे पर किसानों के लिए लाये गये तीन कानूनों का विरोध करते हुए केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। साथ इन तीनों कानूनों को वापस लेने की मांग की गई। इस मौके पर ब्लाॅक अध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, अरविंद नेगी, हरेंद्र राणा, योगेंद्र बिष्ट, मुकुल बिष्ट, पुष्कर सुरी, गोपाल रावत आदि मौजूद थे।