गोपेश्वर (चमोली)। कांग्रेस के पूर्व विधायक व पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि भाजपा प्रदेश के अंदर राजनैतिक विद्वेष की भावना से कार्य कर रही है जिससे सारे विकास कार्य अवरूद्ध हो रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के स्थान पर भाजपा को इसलिए चुना की वह विकास करेगी लेकिन भाजपा विकास के नाम पर एक इंच भी आगे बढ़ पायी है जो कार्य कांग्रेस के कार्यकाल में गतिमान थे उन पर भी भाजपा ने रोक लगा दी। जबकि वे भी कार्य जनता के हितों से जुड़े हुए थे।

बुधवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भंडारी ने कहा कि चमोली जिला मुख्यालय पर उनके कार्यकाल में बेस चिकित्सालय स्वीकृत हुआ था। जिसका शासनादेश जारी होने के साथ ही 60 लाख की टोकन मनी के साथ ही रेशम विभाग की 60 नाली भूमि भी हस्तांतरित हो गई थी लेकिन राजनैतिक विद्वेष के चलते उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। जबकि इस बेस चिकित्सालय के बन जाने से यहां पर मेडिकल कालेज खुलने का रास्ता साफ हो सकता था। यहीं नहीं पोखरी में उत्तराखंड का पहला राजकीय बी.फार्मा के लिए भी भूमि विभाग के नाम हस्तांतरित की गई। भवन बना आज वह भी ठंडे बस्ते में चला गया। वहीं गोपेश्वर महाविद्यालय को श्रीदेव सुमन विश्व विद्यालय का कैंपस बनने का भी शासनादेश जारी है लेकिन प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री ने इस विद्यालय पर तो ध्यान नहीं दिया उल्टा ऋषिकेश में एक ओर कैंपस काॅलेज खुलवा कर चमोली जिले को नीचा दिखाने का कार्य किया है और भाजपा कह रही विकास हो रहा है। कैसा विकास हो रहा जनता के समझ में नहीं आ रह है। मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगार चर्म पर है पर सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, ब्लाॅक अध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, योगेंद्र बिष्ट, संदीप भंडारी, हरेंद्र सिंह राणा आदि मौजूद थे।

राम हमारे भी अराध्य है पर बेरोजगारी, मंहगाई का क्या
पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि भगवान राम हमारे भी अराध्य देव है लेकिन जो सरकार राम के नाम पर चंदा मांग रही है उसे आम आदमी के पेट भरने की बात भी सोचनी चाहिए। मंहगाई इतनी बढ़ गई है कि महिलाओं को अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा है। इस ओर भी ध्यान दिये जाने की आवश्यकता है।

 

 

डंडे के बल पर घाट आंदोलन को दबाने का प्रयास न करे सरकार
राजेंद्र भंडारी ने कहा कि डेढ लाइन सड़क बनाने की मांग को लेकर घाट के लोगों का जो आंदोलन चल रहा है वह अपने आप में एक बहुत बड़ा आंदोलन है। इस कड़कड़ती ठंड में लोग 47 दिनों से आंदोलन कर रहे है। उनके जज्बे को सलाम है। लेकिन सरकार यदि इस आंदोलन को डंडे के बल पर दबाने का प्रयास करती है तो इसका परिणा में बुरा होगा यह सरकार को समझना होगा। उन्होंने सरकार से निवेदन किया है कि जनता की भावनाओं को समझते हुए और आंदोलन को किसी पार्टी का न समझते हुए उनकी मांगों को अविलंब पूरा करे।

 

 

भंडारी ने स्वयं की भूल को भी किया स्वीकार
कांग्रेस के बदरीनाथ के पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी ने अपने कार्यकाल में जनपदवासियों की भावनाओं व विकास कार्यों में चूक के लिए स्वयं को भी जिम्मेदार मानते हुए अपनी गलतियों को भी स्वीकार करते हुए कहा कि जब वे सत्ता में थे तब उनसे भी जिले के विकास के लिए सही योजनाओं का क्रियान्वयन न हो सका जिसका उन्हें मलाल है लेकिन यदि जनता का आशीर्वाद मिला और फिर से सत्ता में आये तो उनका प्रयास रहेगा कि जिला मुख्यालय पर एक मेडिकल कालेज खुलवाने के साथ ही यहां की शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रोजगार के नये अवसर पैदा करने के साथ ही पलायन को रोकने के लिए कारगर योजनाओं को बनाया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के लिए एक मास्टर प्लान तैयार करना भी उनकी प्राथमिकता होगी ताकि तीर्थ यात्रियों के साथ ही पर्यटकों को सुविधा मिल सके।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!