गैरसैण (चमोली)। भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने शनिवार को चमोली जिले के गैरसैण पहुंच कर कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए उनका आह्वान किया कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाऐं ताकि लोग इसका फायदा उठा सकें।
चमोली जिले के दो दिवसीय भ्रमण के पहले दिन उन्होंने गैरसैण व आदिबद्री में कार्यकर्ताओं से भेंट करते हुए भगवान आदिबद्री के दर्शन भी किये। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में 2022 तक किसानों की आय दुगनी कैसे हो इसके लिए अनेकों प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही है जिनका लाभ सभी बेरोजगारों एवं किसानों को लेना चाहिए। वही उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ सभी कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार कर जरूरतमंदों को उसका लाभ दिलाना चाहिए। उन्होंने संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति नीति का पाठ भी पढ़ाया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के संकल्पों याद कर अंत्योदयी प्रयत्न करना होगा। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक चमोली अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, राज्य मंत्री अनिल नौटियाल, विधायक कर्णप्रयाग सुरेंद्र सिंह नेगी, टीका प्रसाद मैखुरी आदि मौजूद थे।