घाट (चमोली)। चमोली जिले के घाट ब्लाॅक के रामणी मोटर मार्ग पर सोमवार को चरबंग गांव के पास एक मालवाहक वाहन सडक से अनियंत्रित होकर 20 मीटर खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में चालक समेत चार लोग भी घायल हो गए। जिसमे से चालक व एक बालिका की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर राजस्व पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से घायलो को खाई से निकाल कर एम्बुलेंस के जरिये सीएचसी घाट भेजा जंहा घायलों का उपचार चल रहा है। जबकि घायल चालक और व बालिका को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सोमवार को घाट से रामणी के लिए रेत से भरा मालवाहक वाहन चरबंग गांव के पास अनियंत्रित होकर 20 मीटर गहरी खाई में गिर कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें सवार चालक जयबीर सिंह (35), संजना (15), सुशीला देवी (48), भवान सिंह (63) घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार आरके देवली राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे, सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से खाई से बाहर निकालने के बाद उपचार के लिए सीएचसी घाट भेजा गया। सीएचसी घाट के चिकित्साधीक्षक डॉ. हर्षवर्धन रावत ने बताया कि उपचार के बाद घायल संजना और चालक जयवीर सिंह की स्थिति गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रैफर किया गया है। जबकि अन्य दो घायलो का उपचार सीएचसी घाट में ही चल रहा है।
