गोपेश्वर (चमोली)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की ओर से नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के लिए किये गये अशोभनीय भाषा के प्रयोग से गुस्साये कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरूवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के तिराहे पर प्रदेश अध्यक्ष का पुतला दहन किया।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा जो अपने को मर्यादित व चरित्रवान पार्टी होने का दावा करती है उसके प्रदेश अध्यक्ष महिलाओं के बारें में ऐसी घृणित सोच रखते है इससे साफ जाहिर है कि इनके कार्यकर्ताओं का भी महिलाओं के प्रति कितना सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन काल में सबसे अधिक महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है और दूसरी ओर भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं को नारा देकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा अपने को चरित्रवान पार्टी होने का दावा करती है तो उन्हें तत्काल प्रदेश अध्यक्ष को पार्टी से निलंबित कर देना चाहिए। ताकि महिलाओं के प्रति ऐसी घृणित मानसिकता रखने वालों को सबक मिल सके। प्रदेश अध्यक्ष का पुतला दहन करने वालों में जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, ब्लाॅक अध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, नगराध्यक्ष प्रमोद बिष्ट, अरविंद नेगी, योगेंद्र बिष्ट, संदीप नेगी, रविंद्र नेगी, अनिता नेगी, हरेंद्र राणा, गिरीश लाल, राकेश टम्टा आदि शामिल थे।