posted on : February 24, 2026 6:56 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षित यात्रा को लेकर चमोली जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने अधिकारियों के साथ हाइवे का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। चारधाम यात्रा की तैयारियों को डीएम व एसपी ने बस में सवार होकर कमेड़ा से बदरीनाथ धाम तक हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ हाईवे पर पेयजल, शौचालय, पंजीकरण, स्वास्थ्य, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चाक-चैबंध करने कहा।

गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष 23 अप्रैल से शुरु होने जा रही है। इसे लेकर प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों को सुविधाएं जुटाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरु कर दिया है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को यात्रा मार्ग के खतरनाक स्थानों पर फ्ल्ड लाइट लगवाने, भूस्खलन क्षेत्रों में साइन बोर्ड स्थापित करने और हाईवे पर सुरक्षा को लेकर सभी इंतजाम पूर्ण करने को कहा। हाइवे पर अधिग्रहित भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को हाइवे पर पड़े मलवे का भी जल्द निस्तारण करने को भी कहा। उन्होंने हाइवे के संवेदनशील क्षेत्रों का चिह्निकरण कर सुधारीकरण और सुरक्षा कार्य में तेजी लाने को कहा।

यात्रा मार्ग पर पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों को हैंडपंप, यात्रा मार्ग पर स्थापित वाटर एटीएम की सफाई कर यात्रा से पूर्व संचालन शुरु करने को कहा। डीएम ने नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत और सुलभ इंटरनेशनल के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए सभी शौचालयों में पानी व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूर्ण करने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्ग पर जांच केंद्र स्थापित करने तथा चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करते हुए दवाइयों का भंडार यात्रा शुरू होने से पूर्व करने और सभी चिकित्सालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक व अन्य मेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कर्णप्रयाग के उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रांगड, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता, एनएचआईडीसीएल के परियोजना प्रबंधक अंकित राणा, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय समेत एनएचआई, बीआरओ और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!