गोपेश्वर (चमोली)। टुवर्ड्स ह्यूमैनिटी के हिमालयन वॉरियर्स ने बदरीनाथ धाम से माणा तक चलाया वृहद स्वच्छता अभियान। इस दौरान छह कुंतल से अधिक कूड़े को एकत्रित कर नगर पंचायत को निस्तारण के लिए सौंपा।
टुवर्ड्स ह्यूमैनिटी के युवाओं द्वारा पिछले छह माह से जिला मुख्यालय गोपेश्वर के साथ ही गोपीनाथ मंदिर, चतुर्थ केदार रूद्रनाथ पैदल ट्रैक पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अपनी प्रकृति अभियान के तहत हिमालयन वॉरियर्स की टीम ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम से पर्यटन गांव माणा तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान बदरीनाथ धाम में 30 बोरे यानि 6 कुंतल से अधिक कूड़ा एकत्रित कर नगर पंचायत बदरीनाथ को निस्तारण के लिए सौंपा। हिमालयन वॉरियर्स के इस अभियान को सफल बनाने में भंग्यूल ग्राम प्रधान मिथलेश फर्स्वाण द्वारा सहयोग किया गया।
टुवर्ड्स ह्यूमैनिटी के संस्थापक डॉ दीपक सिंह ने कहा कि भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में शराब की बोतलों का मिलना बड़ा दुखदाई व चिंतनीय है। एक होटल व्यवसाई की दुकान के पास इतनी शराब की बोतलें फेंकी गई हैं कि उस दुकान स्वामी पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
