थराली (चमोली)। थराली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रो. जीत राम ने भाजपा सरकार की ओर से देहरादून में बनाएं जा रहें सैन्य धाम पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए इसे पहाड़ी क्षेत्रों के वीर शहीदों एवं जवानों की उपेक्षा बताते हुए कहा कि अच्छा होता कि सरकार राज्य के उस वीर भूमि में सैन्य धाम बनाती जहां के वीरों ने अपना सर्वोत्तम शौर्य का प्रदर्शन किया हो। उन्होंने भाजपा पर सस्ती राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे सैनिकों के दुख दर्द से कोई लेना-देना नही है। भाजपा केवल राजनीतिक के लिए कार्य कर रही है।
मंगलवार को थराली में पत्रकारों से बातचती करते हुए कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि इन दिनों भाजपा पूरे राज्य में देहरादून में सैन्य धाम बनाने के लिए बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार कर रही हैं। कहा जा रहा है कि राज्य के उन सभी गांवों एवं कस्बों से शहीद परिवारों के आंगन की मिट्टी को एकत्रित कर देहरादून लें जा कर धाम का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी सैनिकों के सम्मान के लिए हर उस कार्य के प्रति जुड़ने को तत्पर हैं जिससे सैनिकों का सम्मान बढ़ सकें। किंतु वे देहरादून में सैन्य धाम बनाये जाने केे पूरी तरह खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि सैन्यधाम वीरों की भूमि सवाड़ अथवा विक्टोरिया क्रास विजेता दरबान सिंह नेगी के गांव कफारतीर जैसे किसी वीर भूमि में धाम बनाया जाता तो वास्तव में इस का लाभ इस पहाड़ी राज्य को मिलता। उन्होंने कहा कि राज्य के चारों धाम उच्च हिमालई क्षेत्र में स्थित है। ऐसे में पांचवां धाम भी हिमालयी क्षेत्र के किसी गांव में बनता तो वह वास्तव में शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि एवं वीर सैनिकों का सम्मान होता। किंतु राजनीति लाभ के लिए ड्रीम प्रोजेक्ट बता कर भाजपा को इसका अधिक लाभ होने वाला नही है। पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा सैनिकों के प्रति वास्तव में कितनी गंभीर है इसका जीता-जागता उदाहरण सैन्य बाहुल्य सवाड़ गांव बन रहा हैं। जहां से भाजपा आगामी 21 अक्टूबर से शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ कर रही हैं। उसी गांव के पूर्व सैनिक पिछले पांच वर्षों से एक अदद केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग करते आ रहे हैं। इसके लिए बकायदा उन्होंने के निःशुल्क नाप भूमि के साथ ही विद्यालय के संचालन के लिए लाखों रुपए के टीनशैड़ो का एक वर्ष पूर्व ही निर्माण कर लिया हैं। बावजूद इसके आज तक भी विद्यालय खोलने का शासनादेश जारी नही हो पाया है।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वास्तव में भाजपा नेता सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों का कितना सम्मान करते हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विगत दिन सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मलिक जो कि वन विभाग के देवाल वन विश्राम गृह में ठहरे हुए थे उन्हे भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जबरन बहार निकल कर उस पर अपना कब्जा जमा लिया और ब्रिगेडियर मलिक जो सपत्नी रात का ही बंगला छोड़कर जाना पड़ा। इससे स्पष्ट है कि भाजपा शहीद सैनिकों के नाम पर सस्ती राजनीति कर जनता को बहकाने का काम कर रही है, लेकिन जनता सब समझ रही है और समय पर इसका जबाव भी देगी। इस मौके पर देवाल की पूर्व प्रमुख उर्मिला बिष्ट, देवाल कांग्रेस अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा, पीसीसी महावीर बिष्ट, देवाल महिला ब्लाक कांग्रेस की अध्यक्ष पुष्पा नेगी, महामंत्री पुष्पा मिश्रा आदि मौजूद थे।
