गोपेश्वर (चमोली)। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अभियान मेरा बूथ मेरा गौरव के तहत मंगलवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में इसकी शुरूआत की गई।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, जिपंस देवी जोशी, यूथ कांग्रेस के बदरीनाथ के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह बिष्ट, मीडिया प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से पूरे देश में मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है जिसके तहत प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस के संगठनों के दस-दस कार्यकर्ताओं को रखा जाएगा जो कि अपने बूथ पर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि आगामी विधान सभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है ताकि प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान हो और कांग्रेस पार्टी पूरे बहुमत के साथ सत्ता में आये। उन्होंने कहा कि आगामी नौ नवम्बर से हरिद्वार में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का एक प्रशिक्षण भी आयोजित किया जा रहा है जिसमें बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को किस प्रकार से पार्टी को मजबूत करना है उसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मौके पर तेजवीर कंडेरी, हरेंद्र राणा, मुकुल बिष्ट आदि मौजूद थे।
