नगर पालिका ने किया कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए गोपेश्वर बाजार को सेनेटाइज
गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रत्येक रविवार को कोरोना कफ्र्यू लगाये जाने के बाद पहले ही रविवार को बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि आवश्यक वस्तुओं की दुकाने खुली रही ताकि लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद सकें। वहीं नगर पालिका गोपेश्वर ने पूरे बाजार में सेनेटाइजर का छिडकाव किया ताकि कोरोना संक्रमण से बचाव किया जा सके।
सरकार की ओर से कोरोना को लेकर जारी की गई नई एसओपी के बाद रविवार को चमोली जिले के सभी बाजार बंद रहे। लोग भी अपने घरों से कम ही बाहर निकले जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। आवश्यक वस्तुओं जिसमें, सब्जी, खाद्यान्न, मेडिकल स्टोर व दूध की दुकाने खुली रही। जहां पर भी कम मात्रा में ही लोग नजर आये। पुलिस प्रशासन की ओर से भी लोगों से अपील की जाती रही कि जरूरत पड़ने पर ही घरों से निकलें जिसके चलते लोग कम ही घरों से निकले। वहीं नगर पालिका की ओर से बाजार में सेनेटाइजर का छिडकाव कर कोरोना संक्रमण से बचाव की तैयारी शुरू कर दी है। पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत का कहना है कि नगर में सफाई व्यवस्था के साथ ही सेनेटाइल किये जाने के पूरे इंतजाम किये गये। अब शारीरिक दूरी बनाये रखने के लिए दुकानों के आगे एक बार फिर से मार्क बनाये जायेंगे ताकि कोरोना का संक्रमण की रोकथाम की जा सके।
