posted on : October 22, 2025 7:50 pm

गोपेश्वर (चमोली)। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बद्रीनाथ मास्टर प्लान कार्यों का जायजा  लेते हुए कार्यदायी संस्थाओं को तय समय पर कार्य पूरा करने पर जोर दिया है। सीएस आनंद बर्द्धन बुधवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एराइवल प्लाजा, सिविक एमेनिटी सेंटर, बद्रीश एवं शेषनेत्र झील, रिवर फ्रंट और हॉस्पिटल बिल्डिंग के कार्यों की प्रगति की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा करने और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि रिवर फ्रंट के ऐसे फेज जहां नेचुरल धाराएं हैं में  निर्माण कार्यों को कराये जाने को विशेषज्ञों की राय लेनी होगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ टीम से अध्ययन कराया जा रहा है। विशेषज्ञ टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्यदायी संस्था को ऐसे फेज़ पर रिवर फ्रंट के कार्यों को करवाया जाएगा। अन्य जगहों (फेंजो) पर  रिवर फ्रंट के कार्यों में तेजी लाने पर भी उनका जोर रहा। बताया कि रिवर फ्रंट को छोड़कर अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को हॉस्पिटल बिल्डिंग और अराइवल प्लाजा कार्यों में  भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि आईएसबीटी, सिविक एमेनिटी सेंटर, बद्रीश लेक, शेषनेत्र लेक और टूरिज्म मैनेजमेंट सेंटर के कार्य पूरे कर लिए गए हैं। सीएस आनंद बर्द्धन ने पूर्ण हुए कार्यों का जायजा लेते हुए प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने पूर्ण हुए कार्यों को जल्द संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। इस दौरान पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल ने पीपीटी के माध्यम से मास्टर प्लान के कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, बीकेटीसी प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!