थराली (चमोली)। विकास कार्यो को लेकर थराली के वर्तमान विधायक व पूर्व विधायक ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर बयानबाजी शुरू कर दी है।
जहां थराली की वर्तमान विधायक मुन्नीदेवी शाह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके कार्यकाल में सर्वाधिक सड़को के निर्माण के साथ ही 2013 की आपदा में बहे पुलों के निर्माण की स्वीकृति तक मिली है। जिन पर चुनाव से पहले पहले निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा, वहीं इन विकास कार्यो को लेकर थराली के पूर्व विधायक प्रोफेसर जीतराम ने भी अब मोर्चा खोल दिया है। जीतराम ने थराली विधायक मुन्नीदेवी शाह पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान बीजेपी विधायक 2012-17 के उनके कार्यकाल में किये गए विकास कार्यो को अपना बता रही हैं। उन्होंने कहा कि जिन सड़को के निर्माण को वर्तमान विधायक अपनी उपलब्धियों में गिना रही हैं, उन सड़को का शासनादेश कांग्रेस के समय मे उनके ओर से कराया गया है। प्रो. जीतराम ने कहा कि वे विधायक को चैलेंज के साथ इन अधिकांश सड़को के शासनादेश उन्हें उपलब्ध करा सकते हैं,जिन्हें वे अपना कह रही है। इस पर जबाब में विधायक मुन्नीशाह ने कहा कि पूर्व विधायक बोखला गए है इसलिए ऐसी बयानबाजी कर रहे है। विधायक मुन्नीदेवी शाह ने भी पूर्व विधायक को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने आरोप लगाए हैं तो वे अब इन सड़कों के शासनादेश भी दिखाए। बहरहाल 2022 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए फिर एक बार थराली की राजनीति में गहमागहमी शुरू हो गयी है । अब देखना ये होगा कि क्या बीजेपी और कांग्रेस के दोनों बड़े नेता एक दूसरे के चैलेंज का किस तरह जवाब देते हैं।
