थराली (चमोली)। चमोली जिले के थराली ब्लॉक में गुरूवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में थराली-देवाल सड़क के ऊणी नामक तोक में मिला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की ओर से शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिये भेज दिया गया है। जबकि मौत के कारणों को जानने के लिये जांच शुरु कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार गुरूवार को थराली-देवाल सड़क पर आवाजाही कर रहे लोगों ने थाना थराली को सड़क पर युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलने थाना पुलिस थराली व देवाल चैकी के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने शव कब्जे में लिया। स्थानीय लोगों की ओर से युवक की शिनाख्त देवाल ब्लॉक के पूर्णा गांव निवासी 35 वर्षीय भाष्कर मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा के रुप में की है। थानाध्यक्ष थराली ध्वजवीर सिंह पंवार का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या हृदयगति रुकने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद लग सकेगा। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों की ओर अभी तक कोई लिखित शिकातय नहीं दी गई है।
