पोखरी (चमोली)। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) के रिक्त पद को भरने की मांग जोर पकड़ने लगी है। बताते चलें कि जिला शिक्षा अधिकारी का पद एक माह से खाली चल रहा है। इस कारण शिक्षकों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। समय पर वेतन और अन्य देयकों का भुगतान न होने से शिक्षक परेशान हो रहे हैं। अशासकीय विद्यालयों माध्यमिक संगठन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र रावत ने बताया कि जिले में न तो जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) नियुक्त हैं और न ही किसी अधिकारी को चार्ज दिया गया है। पद रिक्त होने के कारण फाइलें लंबित पड़ी हैं और वेतन भुगतान की प्रक्रिया ठप पड़ी है।
उन्होंने कहा कि कई शिक्षकों के परिवारों में विवाह जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम हैं। कई शिक्षक अपने बच्चों की उच्च शिक्षा हेतु बाहर के कॉलेजों व विद्यालयों में शुल्क जमा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने खाली पड़े पद पर तत्काल तैनाती की मांग की है।
