गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के मैठाणा गांव में गैस सिलेंडर फटने से हुई घटना के पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग को लेकर भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन चमोली ने जिलाधिकारी चमोली को एक ज्ञापन सौंपा है।
मंगलवार को जिलाधिकारी चमोली को सौंपे गये ज्ञापन में एसोसिएशन के जिला प्रवक्ता पुष्कर सुरी और नगराध्यक्ष कुशलानंद डिमरी का कहना है कि बीते 21 अक्टूबर की रात्रि को मैठाणा गांव में बिजेंद्र कुमार के घर पर गैस सिलेंडर फटने के कारण परिवार के छह लोग झुलस गये थे। जिनका वर्तमान में देहरादून में इलाज चल रहा है, वहीं इस घटना में घर में रखा सामान जल कर नष्ट हो गया था तथा मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इस घटना से उनके परिवार की स्थिति काफी दयनीय हो चली है। उनका कहना है कि एक लंबा समय बीत जाने के बाद भी परिवार को किसी प्रकार की आर्थिक सहयोग प्रशासन अथवा शासन की ओर से नहीं मिला है। उनका यह भी कहना है कि प्रशासन की ओर से परिवार की सुध लेने में उनके घर तक पहुंचा है जो खेद जनक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग दिया जाए ताकि परिवार को बिखरने के बचाया जा सके।
