घाट (चमोली)। चमोली जिले के घाट ब्लॉक के उस्तोली ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से चुफलागाड़ नदी के कटाव से क्षतिग्रस्त शमशान घाट के पैदल मार्ग के सुधारीकरण की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि आठ वर्ष पूर्व पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद से लगातार पैदल मार्ग सुधारीकरण की मांग के बावजूद वर्तमान तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बता दें कि घाट ब्लॉक के उस्तोली, फाली, सरपाणी और सैंती गांवों का शमशान घाट ब्लॉक मुख्यालय पर बस स्टैण्ड के समीप हैं। जहां ग्रामीण अपने मृत परिजनों के अंतिम संस्कार के लिये पहुंचते हैं। यहां वर्ष 2013 की आपदा के दौरान चुफलागाड़ नदी के कटाव से शमशान को जाने वाला पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद ग्रामीणों की मांग पर जहां तहसील प्रशासन की ओर से जांच कर मार्ग के सुधारीकरण की संस्तुति दी गई। वहीं थराली विधायक मुन्नी देवी की ओर से भी मामले में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को मार्ग के सुधारीकरण के लिये निर्देशित किया गया है। लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का आलम यह है कि वर्तमान तक यहां पैदल मार्ग का सुधारीकरण नहीं हो सका है। स्थानीय ग्रामीण खिलाप सिंह, मोहन सिंह और तेजप्रताप का कहना है कि पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन जन प्रतिनिधियों के निर्देश के बाद भी सिंचाई विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इधर, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता बादल सिंह ने कहा कि मामले में क्षेत्र में तैनात अधिकारी से जानकारी लेकर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
