थराली (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग-ग्वालदम सड़क चैड़ीकरण की जद में आ रहे भवन व भूमि के स्वामियों ने शनिवार को कुलसारी में एक बैठक कर सरकार से मांग की है कि सड़क चैड़ीकरण के लिए अधिग्रहित की जाने वाली भूमि तथा भवन का उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए चाहे वह भवन किसी भी भूमि पर क्यों न बना हो।
बता दें कि कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग का चैड़ीकरण किया जाना है जिसमें लिए सड़क के दोनों ओर 12 मीटर अधिग्रहित की जानी है। जिसके चलते थराली, तलवाड़ी, ग्वालदम सहित अनेक स्थानों पर लोगों के भवन तथा भूमि पूरी तरह से इसके जद में आ रही है। जिसके लिए पिछले सप्ताह तहसील थराली में जन सुनवाई की गई थी लेकिन उसमें उचित समाधान न निकलने पर यह सुनावाई किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पायी थी। शनिवार को इसको लेकर एक समन्वय समिति का गठन किया गया। जिसका अध्यक्ष खिलाफ सिंह बिष्ट व सचिव महिपाल भंडारी को बनाया गया है। उनका कहना है कि वे सड़क चैड़ीकरण का विरोध नहीं कर रहे है लेकिन जिन लोगों के भवन या व्यापारिक प्रतिष्ठान भूमि अधिग्रहण के अंतर्गत आते हैं उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए चाहे वह भवन या दुकान किसी भी भूमि पर बनी हो क्यों कि लोगों ने अपनी पूरी उम्र की कमाई लगाकर इन भवनों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बनाया है।
