गोपेश्वर (चमोली)। ठेकेदार संघ की चमोली ने जिला प्रशासन से जिले में जिला योजना से होने वाले निर्माण कार्य खुली निविदाएं आमंत्रित कर करवाने की मांग उठाई है। संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को लेकर जिलाधिकारी स्वाती एस भदौरिया को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिले के विभागों में अधिकारियों की मनमानी के चलते अपने चहेतों को निर्माण कार्य दिये जाने का आरोप लगाया।
संघ के लखपत रावत और प्रताप राम का कहना है कि जिले में वर्ष 2021-22 के लिये जिला योजना से आवंटित धनराशि से ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न निर्माण कार्य किये जाने हैं। लेकिन कुछ विभागाध्यक्षों और स्थानीय जन प्रतिनिधियों की ओर अपने चेहेतों को लाभ पहुंचाने के लिये निर्माण कार्य सलेक्शन बॉड पर करवाये जा रहे हैं। जिससे सामान्य रुप से ठेकेदारी कर अपनी गुजर-बसर करने वाले लोगों के सम्मुख कार्य का संकट खड़ा हो रहा है। वहीं निर्माण कार्यों से सरकार को मिलने वाले राजस्व का भी खासा नुकसान हो रहा है। वहीं विभागीय अधिकारियों की मिली भगत के चलते गुणवत्ता परख कार्य नहीं किये जा रहे हैं। ऐसे में संघ की ओर मामले में जिलाधिकारी से मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। जिलाधिकारी स्वाती एस भदौरिया ने संघ के पदाधिकारियों से मामले की जांच करने और नियमानुसार कार्य वितरण न किये जाने पर आदेश निरस्त करने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन में पुष्कर फरस्वाण, केदार दत्त कुनियाल, हरिकृष्ण पांडे, रणजीत सिंह, जगत सिंह, गंगा सिंह, कंचन सिंह, हरेंद्र, महिपाल सिंह के हस्ताक्षर हैं।
