पीपलकोटी (चमोली)। पीपलकोटी में निर्णाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणदायी कंपनी एचसीसी और सीआईएसएफ के मध्य विवाद शुरु हो गया है। यहां कंपनी के मजदूरों ने सीआईएसएफ के अधिकारी पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मजदूरों ने आरोपी अधिकारी का निलबंन करते हुए मामला दर्ज कर करने की मांग पर अनिश्चिकालीन कार्य बहिष्कार शुरु कर दिया है। हिन्दुस्तान कंशट्रक्सन वक्र्स यूनियन ने मांग पर कार्रवाई होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने का एलान किया है।
एचसीसी वक्र्स यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र टम्टा ने बताया कि गुरूवार को मजदूर रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर आ रहे थे। इस दौरान कम्पनी के मुख्य द्वार पर मजदूर आपस में बातचीत कर रहे थे। इस बीच वहां तैनात सीआईएसएफ के एसआई ने मौके पर मौजूद सूरज कुमार की छाती पर अपनी सर्विस रिवाल्वर रखकर गोली मारने की धमकी दी। जिस पर मौके पर मौजूद मजदूरों ने मामले का विरोध शुरु कर दिया। वहीं यूनियन के पदाधिकारियों ने मामले की जानकारी परियोजना प्रबंधन को दी। लेकिन परियोजना प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक कार्रवाई न होने के चलते यहां मजदूरों ने कार्य बहिष्कार शुरु कर दिया है। उन्होंने मामले में आरोपी अधिकारी को निलंबित करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है। वहीं यूनियन की ओर से मामले की लिखित शिकायत पुलिस चैकी पीपलकोटी को सौंप दी गई है। इस मौके पर ग्राम प्रधान हाट राजेंद्र हटवाल, गोपाल सिंह नेगी, सोहन सिंह, हरीश नेगी, पवन खंडूरी, राजेंद्र हटवाल, धनेश्वर आदि मौजूद थे।
