गोपेश्वर (चमोली)। सुरक्षित यातायात एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर गुरूवार को क्लेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक हुई। जिसमें जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना ने जनपद के चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों का सुधारीकरण पर जोर दिया गया। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग सहित विभिन्न संपर्क मार्गो पर दुर्घटना संभावित स्थल चिन्हित किए जाने पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने जनपद में चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉटों के सुधारीकरण हेतु पैराफीट, क्रैशबैरियर, डेलमिनेटर, चेतावनी साइनबोर्ड लगाने तथा सडकों के गढढों को ठीक करने के निर्देश सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को दिए। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉटों के सुधारीकरण के लिए प्लान बनाकर कार्य करें। अधिकतर घटित दुर्घटनाओं के कारण वाहन चालक की लापरवाही तथा सायं चार से आठ बजे के बीच पाए जाने पर जिलाधिकारी ने पुलिस, परिवहन एवं एसडीएम को सायं के समय विशेषकर वाहनों की चैकिंग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कडी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क से जुड़े सभी विभागों को अपनी सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं का पूरा ब्यौरा रखने तथा जिन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हुई है उनका विश्लेषण करते हुए तत्काल सुरक्षात्मक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि जहॉ पर भी सड़कों पर मलवा पडा है या अवैध रूप से निर्माण सामग्री रखी हुई है संबधित सड़क विभाग का जेई नियमित नजर रखते हुए तुंरत की इसकी रिपोर्ट तहसील कार्यालय को दे। ताकि इस पर कार्रवाई की जा सके। एनएच को चैराहों, जक्शनों एवं प्रमुख स्थलों पर जगहों को दर्शाते हुए साईन बोर्ड लगाने को कहा। इस दौरान बैठक में अनुपस्थित लोनिवि कर्णप्रयाग के एई का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी हेमन्त वर्मा, एसडीएम सुधीर कुमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, शिक्षा अधिकारी, एआरटीओ ऑल्विन रॉक्सी, आपदा प्रबन्धन अधिकारी नन्द किशोर जोशी, सीओ विमल प्रसाद आदि मौजूद थे।
