posted on : October 14, 2021 4:46 pm

कर्णप्रयाग (चमोली)। जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना ने गुरूवार को उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, जन औषधि केन्द्र, आपातकालीन वार्ड, एक्सरे, लेवर रूम, सर्जिकल वार्ड, महिला वार्ड, सामान्य वार्ड, आपरेशन थियेटर, आइसोलेशन वार्ड, महिला प्रसूति कक्ष आदि व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल पूछा और उनको मिल रही चिकित्सा सुविधा, दवा, भोजन आदि के बारे में जानकारी ली।

उप जिला चिकित्सालय में मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने और अस्पताल मे टूटे फर्नीचर को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। मरीजों को बेहतर इलाज के साथ अस्पताल से ही दवाइयां दी जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य उपकरणों एवं अन्य आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत जो भी उपकरण की आवश्यकता है उसका प्रस्ताव दे।

अस्पताल के अधीक्षक डा. राजीव शर्मा ने बताया कि अस्पताल में फीजीसियन की नितांत आवश्यकता है। गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को सडक से अस्पताल पहुंचने में सीढियों से पैदल आने मे कठिनाइयां होती है। यदि अस्पताल गेट से लेवर वार्ड तक लिफ्ट से कनेक्ट किया जाए तो मरीजों को सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त चिकित्सालय में विभिन्न वार्डो की मरम्मत की जानी है। जिस पर जिलाधिकारी ने अस्पताल के जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत प्लान तैयार करते हुए शीघ्र इसका प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग में संचालित कोविड टीकाकरण केन्द्र का निरीक्षण भी किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग में नगर पालिका की सिटी बस सेवा का उद्घाटन भी किया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सिमली में नवनिर्मित महिला बेस चिकित्सालय का निरीक्षण किया। यहां पर हाल ही में 500 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है। जिलाधिकारी ने अस्पताल में आक्सीजन प्लांट को जल्द सुचारू करने तथा ऑक्सीजन पाइप लाईन विछाने से वार्डो में टूटफूट को रिपेयर करने तथा पाइपलाईन को कवर करने के निर्देश दिए। अस्पताल के विभिन्न वार्डो का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत सप्लाई, पावर बैकअप एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान उप जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. राजीव शर्मा, एसीएमओ डा. उमा रावत, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. उमारानी शर्मा, डा. बीएस रावत, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय, तहसीलदार सुरेन्द्र सिंह देव, नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूडी, ईओ अंकित राणा आदि मौजूद थे। 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!