posted on : March 18, 2021 6:26 pm

जोशीमठ (चमोली)। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने गुरूवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र तपोवन व रैणी संचालित सर्च आॅपरेशन एवं राहत कार्यो का निरीक्षण करते हुए एनटीपीसी को तपोवन टनल एवं बैराज से मलवा निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। तपोवन टनल के भीतर से मक रिमूवल और डिवाटरिंग कार्यो का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने टनल के भीतर रेस्क्यू टीम की सुरक्षा के दृष्टिगत सायरन सिस्टम को रेग्यूलर चैक करने के निर्देश दिए। वैराज साइड पर भी मलवे में लापता लोगों की खोजबीन कार्य लगातार जारी है। जिलाधिकारी ने एनटीपीसी को वैराज साइड से मलवा निस्तारण के लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए ताकि बारिश होने पर कोई समस्या न हो।

वही झूलापुल का निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर जिलाधिकारी ने लोनिवि के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए 22 मार्च तक भंग्यूल तथा 28 मार्च तक जुग्जू में ब्रिज निर्माण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। जुवाग्वाड के ग्रामीणों की ओर से इलेक्ट्रोनिक ट्राॅली के बजाय झूलापुल बनाने की मांग को देखते हुए जिलाधिकारी ने जुवाग्वाड में झूलापुल निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति के लिए शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने तपोवन रितविक कंपनी कार्यालय में एनटीपीसी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए सर्च आॅपरेशन में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों में शीघ्र मुआवजा वितरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आपदा प्रबन्धन अधिकारी को एसडीआरएफ के साथ मिलकर पुनः एक बार ड्राॅन कैमरे की मदद से नदी किनारे सर्च अभियान चलाने को कहा। बुधवार देर रात्रि को तपोवन टनल से 1 शव और 1 मानव अंग बरामद हुआ।

रैणी तपोवन आपदा में लापता 204 लोगों में से अभी तक 74 लोगों के शव और 34 मानव अंग बरामद किए जा चुके है। जिसमें से 44 शव और 1 मानव अंग की शिनाख्त की जा चुकी है। मृत व्यक्तियों के अनुग्रह अनुदान मद से 39 मृतकों के परिवारों को प्रति परिवार 4 लाख की दर से कुल 1 करोड़ 56 लाख रुपए की धनराशि तथा 12 घायलों को प्रति व्यक्ति 4300 की दर से 51600 की धनराशि वितरण की जा चुकी है। जुग्जू में 60 मीटर लॉग ब्रिज तथा भंग्यूल में 65 मीटर लाॅग ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है। प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल विद्युत एवं संचार व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। इस दौरान एसडीएम कुमकुम जोशी, जीएम एनटीपीसी आरपी अहिरवार, एनडीआरएफ के मेजर कुलीश आनंद, ईई अला दिया, तहसीलदार प्रदीप नेगी आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!