गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों में और तेजी लाने पर जोर दिया है।

नगर निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर आयोजित बैठक में डीएम तिवारी ने जिले में एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) एसएलएफ सेंटर(सैनिटरी लैंडफिल) की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में कार्यों में तेजी लाने और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। गोपेश्वर पालिका के अधिशासी अधिकारी को एमआरएफ सेंटर के लिए मानको के अनुरूप भूमि चयन को कहा गया। पूर्व में चयनित भूमि का उपयोग में नहीं लाये जाने के कारण उसे राजस्व विभाग को वापस करने के निर्देश भी दिए।

कर्णप्रयाग नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी द्वारा आवश्यक जानकारी उपलब्ध न कराने पर डीएम ने नाराजगी जताई। गौचर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को एमआरएफ सेंटर के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेकर एमआरएफ सेंटर तैयार करने निर्देश दिए गए।

डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्रों में ठोस एवं गीले कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी ईओ को गंगा नदी के संरक्षण, नगरों की स्वच्छता एवं पर्यावरणीय संतुलन हेतु नियमित निरीक्षण और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को भी कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, नमामि गंगे के को-ऑर्डिनेटर गोविन्द बुटोला, जिले के सभी उपजिलाधिकारी और  अधिशासी अधिकारी वीसी के माध्यम से जुडे रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!