posted on : December 9, 2020 7:12 pm

गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी चमोली स्वाति एस भदौरिया ने बुधवार को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चमोली से कर्णप्रयाग तक ताबड़तोड छापेमारी करते हुए आॅलवेदर सड़क निर्माण कार्याे और कालेश्वर में रेलवे कार्याे का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सोनला में रेडीमिक्स प्लांट तथा कालेश्वर में दो रेडीमिक्स प्लांट में भारी अनियमितताएं एवं मानकों के अनुरूप संचालन नही पाए जाने प्लांट को मौके पर ही सीज किया गया।

सोनला के निकट संचालित रेडीमिक्स कंक्रीट प्लांट (आरएमसी) के निरीक्षण के दौरान पीसीबी की अनुमति न मिलने, प्लांट के चारों ओर वाउंड्री वाल, सीसीटीवी कैमरा, ग्रीन वेल्ट एवं पानी का छिड़काव न पाए जाने पर डीएम ने आरएमसी प्लांट को मौके पर ही सीज करवाया। देवलीबगड में स्टोन क्रैशर के निरीक्षण में डम्पिंग जोन की क्षमता और प्रतिदिन क्रैश किए गए स्टोन की मात्रा के ंसंबध में सही सही जानकारी न मिलने पर जिलाधिकारी ने अगले दो दिनों तक स्टोन क्रैशर का संचालन पूरी तरह से बंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाॅल्यूशन बोर्ड की अनुमति के साथ डम्ंिपंग एवं क्रैश किए गए मलवे की पूरी जानकारी उपलब्ध करें और प्लांट में सीसीटीवी कैमरा, पानी का छिडकाव एवं वाउंड्रीवाल लगाते हुए मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। चेतावनी दी कि अगर दो दिनों में पूरी जानकारी के साथ सभी व्यवस्थाएं नही की गई तो क्रैशर को हमेशा के लिए सील कर दिया जाएगा। पुरसाडी के निकट संचालित एचएमटी प्लांट का जून से अभी तक रिन्यूअल न कराए जाने बावजूद संचालन करने पर फटकार लगाते हुए तत्काल प्लांट का संचालन रोकने के  आदेश दिए। साथ ही एसडीएम को अवैघ भंण्डारण की माप करते हुए जुर्माना वसूलने को कहा।

रेलवे की ओर से जिलासू एवं कालेश्वर में बिना अनुमति के दो रेडीमिक्स प्लांट (बैचिंग प्लांट) संचालित करते हुए खनन मैटिरियल का उपयोग करने पर जिलाधिकारी ने दोनों प्लांटों को भी मौके पर ही सीज कराया। खनन अधिकारी ने बताया कि रेलवे ने अभी तक इसकी कोई राॅयल्टी भी जमा नही है। जिस पर जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी को उपयोग किए गए मैटिरियल की माप करते हुए जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए।

इससे पूर्व जिलाधिकारी ने चमोली, कुहेड, बाजपुर, मैठाणा, नंदप्रयाग, सोनला, कालेश्वर आदि स्थलों पर आॅलवेदर सड़क निर्माण कार्याे का स्थलीय निरीक्षण किया। चमोली चाढे पर वाहनों की आवाजाही के लिए खतरनाक बने सड़क को ठीक करने के लिए जिलाधिकारी ने एनएच को अगले दो दिनों में डीबीएम कराने एवं सुरक्षा के लिए क्रैशबैरियर व पैराफीट लगाने के निर्देश दिए। कुहेड, बाजपुर में सड़क कटिंग से बने स्लाइड जोन के ट्रीटमेंट के लिए प्रस्ताव स्वीकृति का इंतजार किए बैगर रिटेनिंग वाल की हाइट बढाने को कहा। निर्देश दिए कि जहां पर भी पहाडी अनस्टेबल हो गई है वहां पर रिटेनिंग वाल बनाकर स्टेबल किया जाए। वही सड़क कटिंग मलवे को नदी में जाने से रोकने के लिए नदी किनारे भी रिटेनिंग वाल बनाने को कहा। नंदप्रयाग में सड़क कटिंग मलवे से नगर पंचायत एवं व्यक्तिगत लोगों की परिसंपत्तियों के नुकसान का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त सड़क, रास्ते, पार्क आदि परिसंपत्तियों का पुर्ननिर्माण करते हुए 20 दिसम्बर तक मुआवजा वितरण सुनिश्चित करने को कहा। चेतावनी दी की अगर लोगों के घरों, खेतों से तुरंत मलवा नही हटाया गया तो एनएच की सभी मशीने जब्त करते हुए कार्याे पर रोक लगाई जाएगी। वही लंगासू के निकट वैडाणू में एनएच पर बने कलवट के पानी से बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए लोगों के खेतों का शीघ्र मुआवजा देने को कहा। यहां पर पुल निर्माण से क्षतिग्रस्त मंदिर की दीवार एवं मंदिर को बचाने के लिए शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने कालेश्वर के निकट सडक पर हो रहे डीबीएम कार्याे तथा सोनला में कोट कटर मशीन से सड़क निर्माण की गुणवत्ता भी परखी और साइट पर एससीसीपीएल व एचसीसीपीएल की लेब्रोटरी का निरीक्षण भी किया।

जिलाधिकारी ने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को जिले में सभी डम्पिंग जोन एवं उसकी क्षमता की पूरी रिपोर्ट भी तलब की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो भी कमियां आज के निरीक्षण में सामने आई है उसको दूर करने के बाद ही एनएच को आगे कार्य करने की अनुमति पर विचार किया जाएगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार चन्याल, एसडीएम कौशतुभ मिश्र, खनन अधिकारी दिनेश कुमार, तहसीलदार सोहन सिंह रांगड, एनएच के प्रोजेक्ट मैनेजर केके शर्मा, एनएच के सहायक अभियंता शशिकांत मणि आदि मौजूद थे। 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!