गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के घाट ब्लॉक के लांखी गांव के 18 परिवार बीते दो दिनों से बारिश के पानी बसे अपनी प्यास बुझा रहे हैं। यहां गांव को सप्लाई होने वाली पेयजल लाइन जहां सड़क निर्माण कार्य से क्षतिग्रस्त पड़ी हुई है। वहीं बारिश के चलते प्राकृतिक जल स्रोत तक जाने वाला पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे ग्रामीण अब चट्टान से बह रहे पानी को एकत्रित कर पेयजल की आपूर्ति कर रहे हैं।
लांखी गांव निवासी गौरव सिंह, प्रदीप, ताजबर, मनोज, देवकी देवी और संध्या देवी ने बताया कि वीरवार को घाट-भेंटी सड़क पर आये मलबे से गांव को सप्लाई हो रही पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसके बाद ग्रामीण प्राकृतिक जल स्रोतों से पेयजल की आपूर्ति कर रहे थे। लेकिन वीरवार रात्रि को हुई बारिश से प्राकृतिक जल स्रोत तक जाने वाला पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में शुक्रवार से यहां 18 परिवार अब चट्टान पर बह रहे पानी को एकत्रित कर पेयजल की आपूर्ति करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पैदल मार्ग और पेयजल लाइन सुधारीकरण की मांग उठाई है।
