गोपेश्वर (चमोली)। कर्णप्रयाग कोतवाली पुलिस ने सीमेंट से लदे ट्रक को बेचने वाले ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस के बरिष्ठ उप निरीक्षक संजय सिंह नेगी ने बताया कि ऋषिकेश के तिलक रोड़ निवासी हरजोत सिंह ठक्कर ने कर्णप्रयाग कोतवाली में तहरीर दी थी कि 10 फरवरी को उनकी ओर से आरएस फाॅरवर्डिंग एजेंसी से ट्रक (यूके 08सीबी 0024) में एचसीसी कंपनी के लिए 270 कट्टे सीमेंट दो ड्रम इंजन आयल, चार बाल्टी यूरिया तथा चार सेट फिल्टर बाॅक्स लोड कर पीपलकोटी के मायापूर भेजे गए थे। ट्रक में रखे सामान की कीमत करीब दो लाख 80 हजार थी। बीते 11 फरवरी को रूद्रप्रयाग जनपद के सुरशाल गांव निवासी चालक जयवीर सिंह ने फोन पर बताया कि ट्रक के दो टायर कर्णप्रयाग के पास फट गए हैं। इसके बाद ड्राइवर को फोन बंद हो गया है। 14 फरवरी को वादी ने कर्णप्रयाग आकर देखा तो ट्रक गलनाऊ के पास खड़ा था। टायर फटे थे। ट्रक में रखा सामान और ड्राइवर गायब था। स्थानीय लोगों से जानकारी मिली की चालक ने सामान को पिकअप/अन्य वाहनों में लोड कर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने ड्राइवर के गिरफ्तारी के निर्देश दिए। कर्णप्रयाग के पुलिस क्षेत्राधिकारी त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखवीर तंत्र के सटीक इनपुट से फरार चालक जयवीर सिंह के उखीमठ क्षेत्र में होने की जानकारी मिली तो टीम तत्काल उखीमठ रवाना हुई। इसके तहत अभियुक्त को भीरी बाजार से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में जयवीर सिंह ने बताया कि उसने सीमेंट को कर्णप्रयाग क्षेत्र के स्थानीय पिकप चालकों को सस्ते दामों पर बेच दिया था। पुलिस टीम ने कर्णप्रयाग के आसपास तमाम लोगों को बेचे गए 234 कट्टे सीमेंट तथा अन्य सामान बरामद की है। अभियुक्त के कब्जे से सीमेंट बिक्री से अर्जित 38200 नगद भी बरामद किए गए। इसके बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जिला कारागार पुरसाडी भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस ने गबन किए सीमेंट को खरीदने वाले व्यक्तियों को नोटिस जारी कर पुलिस/न्यायालय में उपस्थित होने को कहा। इनमें कर्णप्रयाग के किमोली गांव निवासी मुन्ना सिंह रावत, कनखुल गांव निवासी कुलदीप सिंह, धारडुंग्री निवासी सुखदेव सिंह, खोलागांव निवासी दर्शन सिंह रावत, गलनाऊ निवासी आशीष नेगी, कमेडा निवासी प्रदीप बिष्ट शामिल हैं।
