posted on : June 24, 2021 5:20 pm

जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ नगर क्षेत्र में बुधवार रात्रि के समय हुई बारिश से नगर क्षेत्र में नालों के कटाव से स्थानीय लोगों के आवासीय भवन और कृषि भूमि खतरे की जद में आ गई है। वीरवार को नगर पालिकाध्यक्ष शैलेंद्र पंवार व सभासद बच्ची देवी ने नालों से हुए कटाव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पालिका के अधिकारियों को शीघ्र सुरक्षा कार्य का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये हैं।

बता दें कि बुधवार की देर शाम सात से आठ बजे के मध्य नगर के नाले उफना गये। जिससे यहां के कोचा, मनोटी, परसारी गांव, फरकियाग्वाड, लाल बजार और एटीनाला क्षेत्र में नालों से सटे आवासीय भवनों और कृषि भूमि के आधार कमजोर हो गये हैं। स्थानीय निवासी डबल सिंह ने कहा कि नाले के कटाव से भवन का आधार खोखला हो गया है। अब्बल सिंह का कहना है कि कटाव के चलते उनकी नाप भूमि के साथ ही भवन को खतरा पैदा हो गया है। वहीं प्रेम सिंह के आवासीय भवन का आंगन क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र नालों का सुधारीकरण और सुरक्षा कार्य नहीं किये जाते तो भविष्य में नगर के प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी दुर्घटना की संभावनाएं बनी हुई है। नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह पंवार का कहना है कि नगर के करीब 15 किलोमीटर में फैले नालों के सुधारीकण के लिये 15 करोड़ से अधिक की धनराशि की आवश्यकता होगी। जिसके लिये विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। धनराशि उपलब्ध होते ही नालों का प्राथमिकता के आधार पर सुधारीकरण किया जाएगा। इस मौके पर अभियंता नितिन कुमार, सुपरवाइजर भारत सती सहित अन्य लोग मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!