posted on : February 26, 2026 6:41 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बदरीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों में तेजी लाने पर बल देते हुए कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया है। बदरीनाथ मास्टर प्लान को लेकर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने बदरीनाथ धाम को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कार्यों में तेजी लाते हुए गुणवत्ता पर फोकस करने को कहा है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन अस्पताल, व्यावसायिक भवन, झील सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट, रिवर फ्रंट, ब्रह्मकपाल, पार्किंग तथा पुल के निर्माण कार्यों को समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने मैन पावर बढ़ाने पर जोर दिया। कहा कि समयबद्धता पर कोई समझौता नहीं होगा। इसके लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाएं जिम्मेदार रहेंगी।

बैठक में जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ को बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत निर्मित व्यावसायिक भवनों के आंवटन की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि कार्यदायी संस्थाओं को प्रभावी निगरानी के साथ काम में तेजी लानी होगी। इसमें गुणवत्ता पर खास ध्यान देना होगा।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक  सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बद्रीनाथ योगेश, पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, पीआईयू के अधिकारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!