posted on : October 16, 2021 5:54 pm

गौचर (चमोली)। चमोली जिले के गौचर नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों ने पिछले दो माह से वेतन न मिलने से नाराज होकर शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है, वहीं पालिका के कर्मचारी भी पर्यावरण मित्रों के न्यायोचित मांग की देखते हुए समर्थन में उतर आए हैं और इससे कामकाज ठप हो गया है। वेतन न मिलने से पर्यावरण मित्रों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है।

दरअसल लंबे से पालिका अध्यक्ष और कुछ सभासदों में निर्माण कार्य को लेकर तनातनी चल रही है, जिससे कारण बोर्ड बैठकों का बहिष्कार किए जाने से पालिका का बजट ही पारित नहीं हो पाया है। इसलिए पिछले दो माह से और कर्मचारियों को वेतन मिल पाया है नहीं विकास कार्य हो रहे हैं। 10 दिन पहले सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू की थी तब पालिका अध्यक्ष ने 10 दिन के भीतर वेतन दिए जाने का आश्वासन देकर हड़ताल स्थगित करवा दी थी। लेकिन कोई भी सकारात्मक फैसला ना होने से सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे शहर भर में कूड़े के ढेर लग गए हैं लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नरेंद्र, मुनेश देवी का कहना है कि वेतन न मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। बच्चों की स्कूल की फीस जमा नहीं हो पा रही है। कई पर्यावरण मित्रों ने बैंक से लोन लिया है। उसकी किस्त भी जमा नहीं हो पा रही है ऐसे में उनके सामने तमाम समस्याऐं उत्पन्न हो गई है। उन्होंने प्रशासन से भी इस संबंध उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिये जाने के आदेश देने की मांग की है।

 

इस मामले को उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। फाइल शासन में भेजी गई है। जल्द ही कर्मचारियों का वेतन निर्गत कर दिया जाएगा।

राधेश्याम छाछर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गौचर चमोली।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!