गोपेश्वर (चमोली)। जिले के दशोली विकास खंड के चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंगलवार से गांव में आमरण अनशन शुरू कर जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचकर जुलूस प्रदर्शन कर पीएमजीएसवाई और प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी कर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में एक सभा कर अविलम्ब मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग की है।
ग्राम प्रधान रेखा देवी, वीरेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह का कहना है कि चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग लंबे समय से खास्ता हाल बना हुआ है। सड़क पर वाहन चलना तो दूर पैदल चलना भी परेशानी का सबब बना हुआ है। इस संबंध में ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने 16 नवम्बर को जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंप कर सड़क के सुधारीकरण की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि 28 नवम्बर तक मार्ग पर कार्य आरंभ नहीं किया गया तो 29 नवम्बर से आमरण अनशन और प्रदर्शन किया जाएगा। लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न किये जाने से क्षुब्ध ग्रामीणों को मंगलवार से गांव के ही सड़क मार्ग पर बने प्रतिक्षालय पर आमरण अनशन शुरू करना पड़ा है। साथ ही ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंच कर यहां पर ढोल नगाडों के साथ प्रशासन को जगाने का प्रयास भी किया है। गांव में आमरण अनशन पर बैठने वालों में विजय सिंह नेगी और संजीव कुमार शामिल है।
ग्रामीणों को जुलूस गोपेश्वर तिराहे से जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचा जहां पर उन्होंने धरना देते हुए एक सभा भी की। जिसमें ग्रामीणों ने यथाशीघ्र सड़क मार्ग के सुधारीकरण का कार्य आरंभ करने की मांग प्रशासन और पीएमजीएसवाई से की। है। इस मौके पर प्रधान रेखा देवी, वीरेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह, खीम सिंह, पूनम देवी, विनिता देवी आदि शामिल थे।
