posted on : December 29, 2025 7:24 pm

पोखरी (चमोली)। पोखरी ब्लॉक जंगल एक बार फिर भीषण आग से धधकने लगे हैं। नागनाथ रेंज के तहत रैंसू बीट के ऐला, पतरोली तथा कलसीर बीट के जखमाला, डांडागैर और कलसीर के चीड़ के जंगलों में बीते सांय से भीषण आग से धधक रहे हैं। पिरुल की अधिकता, तेज हवाओं और चट्टानी भू-भाग के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इससे बड़ी मात्रा में वन संपदा को भारी नुकसान पहुँचा है। आग के कारण चारों ओर धुएँ का गुबार छाया हुआ है। लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी हो रही है। विशेषकर दमा एवं श्वास संबंधी रोगियों की समस्याएँ काफी बढ़ गई हैं। रैसू बीट के जंगलों में पिछले एक माह के भीतर यह तीसरी बार आग लगने की घटना है। वन कर्मी एक ओर स्टाफ की कमी और क्षेत्र में भालुओं के आतंक से जूझ रहे हैं तो दूसरी ओर लगातार वनाग्नि से उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही है। वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी, वन दरोगा मोहन सिंह बर्त्वाल समेत वन विभाग की टीम सोमवार सुबह से ही जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में जुटी हुई है।

हालांकि, लंबे समय से बारिश न होने, तेज हवाओं और दुर्गम चट्टानी इलाकों के कारण आग पर काबू पाने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही आग पर नियंत्रण पा लिया जाएगा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!