हरिशंकर जूनियर हाईस्कूल में भालू के हमले से घायल हुए थे छात्र-छात्रा
पोखरी(चमोली)। जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर में भालू के हमले से घायल छात्र-छात्रा हालचाल जानने के लिए वन विभाग के अधिकारी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने घायलों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर के प्रभागीय वनाधिकारी सर्वेश कुमार दुबे एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी मोहन सिंह नेगी वन कर्मियों के साथ मंगलवार को भालू के हमले में घायल छात्रों का हालचाल जानने के लिए विद्यालय पहुंचे। उन्होंने घायल छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अभिभावकों और ग्रामीणों से बातचीत कर विभाग की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
बताते चलें कि गत सोमवार को विद्यालय परिसर में भालू ने कक्षा छह के छात्र आरब पुंडीर को उठाकर झाड़ियों में फेंक दिया था। आरब को बचाने के लिए साहस का परिचय देने वाली कक्षा आठ की छात्रा दिब्या चौधरी को भी हल्की चोटें आई थीं। इससे पहले छात्र देवेश को स्कूल जाते समय भालू ने हमला कर घायल कर दिया था। डीएफओ एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी ने आरब पुंडीर, उसकी माता नीमा देवी, दिब्या चौधरी तथा उसके पिता यदुबीर चौधरी समेत ग्रामीणों से वार्ता कर उनका हौसला बढ़ाया और विभाग की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान वन विभाग द्वारा हरिशंकर क्षेत्र में भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगा दिया गया है।
प्रशासन की ओर से राजस्व निरीक्षक प्रदीप रावत एवं दो राजस्व उपनिरीक्षक गांव में भेजे गए हैं। हालांकि अभी तक बड़े जनप्रतिनिधि गांव में नहीं पहुंचे हैं। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी, उप वन क्षेत्राधिकारी बीरेंद्र सिंह नेगी, वन दरोगा मोहन सिंह बर्त्वाल व आनन्द सिंह रावत, वन आरक्षी प्रकाश कंडारी व मकर सिंह राणा, प्रधान रिंकी देवी, नीमा देवी, यद्धुवीर सिंह चौधरी, संतोष चौधरी, कुंवर सिंह चौधरी, भरत चौधरी आदि मौजूद रहे।
