गोपेश्वर (चमोली)। नंदानगर (घाट) के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदर्शन कठैत का गुरूवार रात्रि को 76 साल की उम्र में हृदयगति रूकने से निधन हो गया है। जिसके बाद शुक्रवार को नंदाकिनी और अलकनंदा नदी तट पर उनकी बेटी बेला और रीना ने पिता को कन्धा देकर मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया।
सुदर्शन कठैत भारतीय सेना से सेवानिवृत्ती के बाद पत्रकारिता, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े रहे। नार्थ ईस्ट में भारतीय सेना में रहे सुदर्शन कठैत बाद में सामाजिक क्षेत्र में आए। वे चमोली में सीपीएम के संस्थापक सदस्य भी रहे। वे बाद में जनता पार्टी से भी जुड़े। पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह, हेमवती नंदन बहुगुणा और चंद्रमोहन सिंह नेगी से प्रभावित स्वर्गीय कठैत नंदानगर घाट के ब्लॉक प्रमुख भी रहे। उन्होंने ब्लॉक के विकास का खाका तैयार किया और उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की आज भी यहां सराहना होती है। कुछ सालों पहले राजनीति से दूर रहकर उन्होंने चमोली जनपद के पर्यटन स्थल रामणी क्षेत्र में जड़ी-बूटी की खेती शुरू कर दी थी। गढ़वाली, हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी भाषा पर स्वर्गीय कठैत की जबरदस्त पकड़ थी। जनपद में उनकी कमी हमेशा बनी रहेगी। उनके निधन पर जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक प्रो. जीतराम, बदरी-केदार क्षेत्र के पूर्व विधायक कुंवर सिंह नेगी,चमोली प्रेस क्लब अध्यक्ष देवेंद्र रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चरण सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस नेता सिद्घार्थ शंकर, कांग्रेस प्रवक्ता विकास जुगरान, पीसीसी अरविंद नेगी आदि ने शोक व्यक्त किया है।