गोपेश्वर (चमोली)। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने धामी सरकार की कार्यप्रणाली पर संतोष जताते हुए शत प्रतिशत अंक प्रदान किए।गोपेश्वर में शिक्षक दिवस कार्यक्रम में भाग लेने आए पूर्व सीएम रावत से पत्रकारों ने धामी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल करते हुए कहा कि एक सियासी परीक्षक के नाते वह सरकार को कितना अंक प्रदान करेंगे। इस पर पूर्व सीएम रावत ने धामी सरकार को शत प्रतिशत अंक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास तथा नीतियों के आधार पर धरातल पर काम कर रही है।

उन्होने कहा कि अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचने के लिए डबल इंजन सरकार संकल्पबद्ध है। उन्होने कहा कि सरकार से किसी को कोई शिकायत नहीं है। पिछले दिनों भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में चर्चित बयान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में तीरथ सिंह रावत ने कहा कि यह पार्टी के भीतर का मसला है। इस पर वे अब कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुसार ही उन्होने कार्यसमिति की बैठक में यह बात कही थी। अब इस पर वह आगे कुछ नहीं कहेंगे। प्रदेश की भाजपा सरकार को एक विधायक की ओर से  पांच सौ करोड़ रूपए में गिराने से संबंधित सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा कि भराड़ीसैंण विधान सभा सत्र  के दौरान उठाया गया यह सवाल किसी के गले नहीं उतर पा रहा है। उन्होने कहा कि किसी भी विधायक को इस तरह का सवाल विधान सभा में तथ्यों के साथ उठाना चाहिए। केवल सियासी सनसनी फैलाने के लिए इस तरह के सवाल नहीं उठाने चाहिए। वैसे भी उन्होने कहा कि उत्तराखंड जैसे राज्य में पांच सौ करोड़ रूपए में सरकार गिराने की बातें समझ से परे हैं। सदन के अंदर विधायक को इस बात को सिद्ध करना चाहिए था किंतु वह इस तरह की बात को सिद्ध नहीं कर पाए। इससे साफ है कि इस तरह की बातें सनसनी फैलाने के लिए की गई।

भाजपा सदस्यता अभियान पर चर्चा करते हुए पूर्व सीएम रावत ने कहा कि भाजपा की हर वर्ग में पैठ बढ़ती जा रही है। पहले चीन में वामपंथी पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित हुई थी। अब भाजपा विश्व में नंबर वन पार्टी बन गई है। उन्होने कहा कि सदस्यता अभियान को तेजी से आग बढ़ाया जा रहा है। मौजूदा समय में एक करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता सदस्यता अभियान को तेजी से संचालित करेंगे। इस दौरान कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, जलागम परिषद के उपाध्यक्ष रमेश गडिया, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, सदस्यता अभियान  के जिला संयोजक गजेंद्र रावत, बदरीनाथ  संयोजक कृष्णमणि थपलियाल, बीकेटीसी के उपाध्यक्ष किशोर पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष हरक सिंह नेगी, पूर्व पालिकाध्यक्ष संदीप रावत, जिला महामंत्री कुलदीप वर्मा, राकेश जोशी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!