देवाल (चमोली)। गढ़वाल सांसद तिरथ सिंह रावत ने शनिवार को देवाल विकास खंड विभिन्न गांवों का भ्रमण कर गांव में हो रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि योजनाओ को आम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्षेत्र का चौमुखी विकास हो रहा है। गांव में पहुंच कर लोगों की समस्याओं को सुना और समस्याओं के हल का भरोसा दिया।
शनिवार को गढ़वाल सांसद तिरथ सिंह रावत देवाल पहुंचे और जनसंपर्क किया। उसके बाद सांसद तलोर पदमला, रैन से ओडर गांव पहुंचे जहां पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और ओडर जाने वाले झूला पुल की समस्याओं से अवगत कराया। क्षेत्र पंचायत सदस्य पान सिंह गडिया ने कहा कि पिंडर नदी पर झूला पुल का टेंडर हुए सात माह गुजर गए अभी तक पुल बनने कि काम ठेकेदार ने शुरू नहीं किया फिर बरसात आने वाली है। ग्रामीणों को आवाजाही भारी दिक्कतो का सामना करना पड़ा रहा है। जिस पर सांसद ने एक माह में पुल का काम शुरू करवाने का आश्वासन दिया। देवाल में शौचालय, टैक्सी स्टैंड बनाने, देवाल में वाईपास रोड बनाने का मांग पत्र सौंपा। उसके बाद सांसद ने खेता मानमती , तोरती रामपुर में लोगों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर विधायक भूपाल राम टम्टा, मुख्यमंत्री के कोडनेटर दलवीर सिंह दानू, क्षेत्र प्रमुख डॉ. दर्शन दानू, भाजपा ब्लांक अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महामंत्री युगराज बसेड़ा, दिलमणी जोशी आदि मौजूद थे।