गोपेश्वर (चमोली)। कोरोना की रोकथाम के लिये आक्सीजन की उपलब्धता को लेकर जिला चिकित्सालय को झेलनी पड़ रही दिक्कत अब कम हो जाएगी। शुक्रवार को यहां लम्बे इंतजार के बाद प्रस्तावित आक्सीजन प्लांट की मशीनें पहुंच गई हैं। ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार अब आगामी तीन दिनों में यहां आक्सीजन प्लांट से अक्सीजन का उत्पादन शुरु हो जाएगा।
बता दें कि सरकार की ओर से जिला चिकित्सालय में आक्सीजन प्लांट संयोजन के लिये बीते वर्ष स्वीकृति प्रदान की गई थी। जिसके लिये स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीते अगस्त माह में ग्रामीण निर्माण विभाग को 49 लाख की राशि का भुगतान किया गया था। अब विभाग की ओर से फ्रांस से मंगवाये गये आक्सीजन प्लांट की मशीनें शुक्रवार को गोपेश्वर पहुंच गई हैं। आरडब्लूडी के अधिशासी अभियंता अल्लाहदिया ने बताया कि प्लांट दो सौ लीटर प्रति मिनट की रफ्तार से आक्सीजन का उत्पादन करेगा। वहीं प्लांट का संयोजन तीन दिनों में कर लिया जाएगा। प्लांट को संचालन तीन लोगों की मदद से किया जा सकेगा।
कोविड केयर सेंटर में आक्सीजन प्लांट लगने से अब कोरोना की रोकथाम के कार्य में जुड़े चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को सुगमता होगी। जहां ऑक्सीजन सिलेंडरों पर निभर्रता कम होगी। वहीं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को बार-बार सिलेंडर बदलने की समस्या से भी निजात मिल जायेगी।
डा. जेएस चुफाल, सीएमएस, जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर-चमोली।
