posted on : October 22, 2021 3:56 pm

थराली (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चमोली जिले के नारायणबगड विकास खंड के आपदा प्रभावित डुंग्री गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अतिवृष्टि के कारण भूस्खलन में लापता दो लोगों के परिजनों से भेंट करते हुए परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करेगी।

मुख्यमंत्री ने डुंग्री गांव में आपदा से हुए नुकसान का जायजा भी लिया और अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिए। भरोसा दिया कि किसी भी संसाधन की कमी नही होने दी जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नलगांव में आपदा से मृतक के परिजन को चार लाख का चैक भी दिया। सीएम ने कहा कि आपदा की इस घडी मे सभी संयम बनाए रखें। सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ पर्यटन एवं जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डा. धनसिंह रावत, क्षेत्रीय विधायक मुन्नी देवी शाह भी मौजूद रहे।

विदित हो कि डुंग्री गांव निवासी भरत सिंह नेगी पुत्र स्व. गुमान सिंह नेगी उम्र 48 वर्ष और वीरेन्द्र सिंह पुत्र किसन सिंह उम्र 33 वर्ष विगत 19 अक्टूबर की सायं से लापता है। ग्रामीणों ने बताया कि 19 अक्टूबर को बारिश बंद होने के बाद सायं को दोनों लोग अपने गांव के निकट पेयजल लाईन को ठीक करने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों लोग वहां पर भारी भूस्खलन की चपेट में आ गए और तब से लापता चल रहे है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने एसडीआरएफ मौके पर सर्च अभियान में लगा रखा है लेकिन अभी तक दोनों लापता लोगों का कोई सुराग नही मिला है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!