posted on : November 30, 2020 6:32 pm

गुलदार के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल 

जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक के पैंका गांव में सोमवार गुलदार के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। व्यक्ति की मौत के बाद ग्रामीणों में जहां दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों ने मृत का शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरु कर दी है।

सोमवार को पैंका गांव निवासी 70 वर्षीय गंगा सिंह चैधरी पुत्र स्वर्गीय बख्तावर सिंह सुबह घर से दुकान के लिये निकले थे। इस दौरान घर से दो किलोमीटर की दूरी पर गुलदार ने गंगा सिंह पर हमला कर दिया। लेकिन गंगा सिंह के अकेले होने से किसी को घटना की जानकारी नहीं मिली। लेकिन जब पैदल मार्ग पर आवाजाही कर रहे ग्रामीणां ने पैदल मार्ग पर खून गिरा देखा तो खोजबीन करने पर जंगल में गंगा सिंह को मृत अवस्था में मिला। जिस पर ग्रामीणों ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों और नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारियों को दी। जिसके बाद पार्क प्रशासन के अधिकारी घंटों बाद मौके पर पहुंचे। पार्क प्रशासन की कार्य प्रणाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।

स्थानीय निवासी नरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह और रमेश का कहना है बीते कई महीनों से गुलदार लोगों पर हमला कर रहा है। बीते अगस्त माह में गुलदार ने नेपाली मजूदर को मार दिया था। वहीं कुछ दिनों पूर्व पैंका गांव के एक व्यक्ति को भी घायल कर दिया था। लेकिन गुलदार के हमलों के बाद भी पार्क प्रशासन की ओर से गुलदार के आतंक को कम करने को लिये कोई उपाय नहीं किये गये है। जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि पार्क प्रशासन की ओर शीघ्र गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिये कार्रवाई नहीं की जाती तो ग्रामीणों को साथ लेकर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया जाएगा।

इधर, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन दरोगा शिवदास का कहना है कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। जिसके लिये प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। वहीं गुलदार के हमलों से हुई मृत्यु और घायलों की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। गुलदार को मारने अथवा पकड़ने की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शुरु की जाएगी।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!