गोपेश्वर (चमोली)। विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणदायी कंपनी एससीसी के मजदूर और कर्मचारियों ने वेतन भुगतान की मांग उठाई है। वहीं उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है। कंपनी की मजदूर यूनियन ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर वेतन भुगतान करवाने और कामगारों की कोरोना से सुरक्षा के प्रबंधन करवाने की मांग की है।
बता दें हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से टीएचडीसी की 444 मेगवाट की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसके लिये कम्पनी की ओर से यहां नौ सौ मजदूर और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कंपनी में कार्य कर रहे मनोज चैहान और दीपक नेगी का कहना है कि जहां कंपनी प्रबंधन की ओर से बीते पांच माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। जिससे कंपनी में कार्य कर रहे लोगों के सम्मुख परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। वहीं कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये भी कंपनी की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है। जिससे यहां मजदूर और कर्मचारियों के संक्रमित होने की संभावना बनी हुई है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है। इस मौके पर गोपाल सिंह, पवन खंडूरी, सूरज कुमार, हरीश सिंह आदि मौजूद थे।
