गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना की कार्यदायी संस्था हिन्दुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) के मजदूरों ने छह माह से वेतन न दिये जाने के विरोध में गुरूवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
बता दें कि एचसीसी कंपनी में वर्तमान में नौ सौ से अधिक मजदूर कार्यरत है। जिन्हें पिछले छह माह से वेतन नहीं मिला है। जिससे मजदूरों में रोष व्याप्त है। मजदूरों की ओर से इस संबंध में कंपनी के प्रबंधक को पत्र भेजकर फिलवक्त तीन माह का वेतन दिये जाने की मांग की गई थी ताकि इस कोरोना काल में उनके परिवार का भरण पोषण हो सके लेकिन कंपनी की ओर से कोई सकारात्मक पहल न होने पर आक्रोशित वर्करों ने अनिश्चितकालीन हडताल शुरू कर दी है। एचसीसी वर्कर यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र टम्टा व सचिव सोहन कुमार का कहना है कि छह माह से वेतन न मिलने से उनके सामने आजीविका का संकट पैदा हो गया है। कंपनी प्रबंधकों से बार-बार अनुरोध किये जाने के बाद भी उनका वेतन नहीं दिया जा रहा है उल्टा उन्हें बाहर का रास्ता दिखाये जाने की धमकी दी जा रही है। ऐसे में मजदूरों के सामने हड़ताल का विकल्प ही शेष बच जाता है। उन्होंने कहा कि यदि कपनी फिलहाल तीन माह का वेतन भी उन्हें देती है तो वे काम पर लौटने को तैयार है लेकिन कंपनी इस दिशा में भी कोई सकारात्मक पहल नहीं कर रही है।
इधर कंपनी के आंदोलन को आम आदमी पार्टी चमोली की ओर से भी समर्थन दिया गया है। आप के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कपरूवाण, संगठन मंत्री कुलदीप नेगी, मीडिया प्रभारी अनुराग पोखरियाल, अनिल जोशी, हरीश नेगी ने धरना स्थल पर पहुंच कर मजदूरों को अपना समर्थन देते हुए कंपनी से अविलंब मजदूरों का वेतन दिए जाने की मांग की है और कहा है कि यदि कंपनी शीघ्र मजदूरों का वेतन नहीं देती है तो आम आदमी पार्टी को कंपनी के विरोध में आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।
