थराली (चमोली)। चमोली जिले के देवाल ब्लाॅक के ग्राम प्रधान संगठन ने उपजिलाधिकारी थराली के माध्यम से सोमवार को जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन भेज कर कोविड-19 के कार्यों के बहिष्कार की बात कही है। उनका कहना है कि अभी 2020 के कोरोना के दौरान प्रवासियों की देखरेख में उनकी ओर से किये गये खर्च का भुगतान नहीं किया गया है। और दोबारा उन्हें इसी कार्य में सहयोग करने को कहा जा रहा है। जो न्यास संगत नहीं है।
प्रधान संगठन देवाल के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार का कहना है कि उन्होंने सरकार पिछले वर्ष 12 सूत्रीय मांग रखी थी जिनमें से एक मांग यह भी थी कि कोविड के दौरान प्रवासियों आने पर उनके एकांतवास में रहने की व्यवस्था करने का जिम्मा प्रधानों को सौंपा गया था उसका भुगतान किया जाए लेकिन वर्तमान समय तक उसका भुगतान नहीं किया गया है। वर्तमान समय में एक बार फिर कोरोना के चलते प्रवासियों का अपने घरों को लौटना शुरू हो रह है और फिर से प्रधानों को उनकी व्यवस्था का जिम्मा सौंपा जा रहा है। जबकि अभी तक पिछला का भुगतान नहीं किया गया है। और नई जिम्मेदारी सौंपी जा रही है जो न्याय संगत नहीं है। उनका कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगों का निस्तारण नहीं किया जाता है तब तक वे कोविड के कार्यों का बहिष्कार जारी रखेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रधान संगठन देवाल के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, प्रद्युमन सिंह बिष्ट, खीम राम, राजेंद्र परिहार, दर्शन मेहरा, उमेद बोरा आदि मौजूद थे।
