गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में होली के त्यौहार को लेकर नगरों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रौनक लौट गई है। हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते सामुहिक आयोजनों से लोग दूरी बना रहे हैं। लेकिन बावजूद इसके पाबंदियों के बीच होली का हुलार अपने सबाब पर है। जिले में गोपेश्वर, कर्णप्रयाग, पोखरी, जोशीमठ सहित नगरीय क्षेत्रों में जहां होली मिलन के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में हुल्यारों की टोलियां गांव-गांव भ्रमण कर एक-दूसरे को होली की बधाई दे रहे हैं।
दूसरी ओर जिला प्रशासन की ओर से कोरोना संक्रमण को देखते हुए बुर्जुग और बच्चों से सामुहिक आयोजनों से दूर रहने की अपील की गई है। जबकि बड़े होली समारोहों के आयोजन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। होली मिलन समारोह में भी सौ से अधिक लोगों के शामिल होने पर पाबंदी लगाई गई है। जिलाधिकारी स्वाती एस भदौरिया सहित पुलिस अधीक्षक यशवंत चैहान ने लोगों के सौहार्द पूर्ण माहौल में होली मानने का आह्वान किया है।
