गोपेश्वर (चमोली)। केंद्र सरकार की खेलों को प्रोत्साहन देने को लेकर संचालित खेल महाकुंभ के तहत सोमवार को युवा कल्याण विभाग की ओर से जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में जिले के सभी ब्लॉकों से पांच-पांच बालक-बालिकाएं प्रतिभाग करेंगी।
स्पोट्र्स स्टेडिमय गोपेश्वर में आयोजित जिला स्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता का बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि चमोली जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने और मंच प्रदान करने के लिये प्रतिवर्ष खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में दौड़, कब्बडी, खो-खो, लम्बी और ऊंची कूछ के साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कोविड के दृष्टिगत इस वर्ष 17 से 19 आयु वर्ग में 100, 400, 800 तथा 1500 मीटर दौड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
खेल महाकुंभ के तहत आयोजित बालक वर्ग की सौ मीटर दौड में राहुल विष्ट प्रथम अभिषेक नेगी द्वितीय, मोहित विष्ट तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में शिवानी प्रथम, अंजू द्वितीय, प्राची तृतीय स्थान पर रही। बालक वर्ग चार सौ मीटर दौड़ में राहुल प्रथम, मोहित द्वितीय, सौरभ सती तृतीय तथा बालिका वर्ग की चार सौ मी दौड में प्रीति प्रथम, प्राची द्वितीय, हेमलता तृतीय स्थान पर रही। बालक वर्ग आठ सौ मीटर दौड़ में दिवाकर प्रथम, अजय शाह द्वितीय, राहुल कुमार तृतीय तथा बालिका वर्ग की आठ सौ मीटर दौड में शालिनी प्रथम, निकिता द्वितीय, मेघा तृतीय स्थान पर रही। इस मौके पर रघुवीर विष्ट, नवल भट्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी आनन्द सिंह नयाल, प्रभारी युवा कल्याण अधिकारी शरत सिंह भण्डारी, जिला क्रीडा अधिकारी गिरीश कुमार आदि मौजूद थे।
