गोपेश्वर (चमोली)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने दो सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर चमोली जिले में सोमवार से आवश्यक सेवाओं का बहिष्कार भी शुरु कर दिया है। कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सम्मुख धरना देकर विरोध जताया। उन्होंने कहा गया कि यदि सरकार की ओर से शीघ्र उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाती तो वे उग्र आंदोलन शुरु कर देंगे।
चमोली जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभाग के कार्यों के सुचारु संचालन के लिये 22 संवर्गों में एनएचएम कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ऐसे में सोमवार से दो सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम कर्मियों के आवश्यक सेवाओं के बहिष्कार से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के पटरी से उतरने की स्थिति बनी हुई है। एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डा. राहुल बिष्ट और उपाध्यक्ष डा. नीरज नेगी ने कहा कि कर्मचारी लम्बे समय से सरकार से हरियाणा की तर्ज पर ग्रेड वेतमान का लाभ देने और आउटसोर्सिंग के अनुबंधित कर्मचारियों को राज्य एवं जिला स्वास्थ्य समिति से नियुक्ति देने की मांग की जा रही है। ऐसे में सरकार की ओर से कर्मचारियों की मांग की अनदेखी कर कोई कार्रवाई न किये जाने से कर्मचारी निराश है। जिसके चलते बाध्य होकर संघ के प्रांतीय कार्यकारणी ने आंदोलन शुरु किया है। इस मौके पर डा. नेहा नेगी, हेमलता भट्ट, आरती सती, लक्ष्मी बोरा, योगेंद्र सिंह, अर्जुन नेगी, विनीत रावत, रणजीत सिंह, विपिन कुमार आदि मौजूद थे।
