गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखण्ड शासन की ओर से संचालित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स काॅलेज रायपुर देहरादून व श्री हरि सिंह थापा, स्पोर्ट्स कालेज पिथौरागढ में शैक्षिक सत्र 2020-21 में बालकों के लिए एथलेटिक्स, फुटबाॅल, वालीबाॅल, बाॅक्सिग, क्रिकेट, हाॅकी, बैडमिन्टन एवं जूडो खेलों में कक्षा-6 में प्रवेश के लिए प्रारम्भिक चयन 20 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम- गोपेश्वर में आयोजित किया जायेगा। प्रारम्भिक चयन में इच्छुक बालकों एवं उनके पाल्य को चयन स्थल पर कोविड- 19 संक्रमण के दृष्टिगत फेश मास्क एवं अन्य बचाव के साधनों सहित उपस्थित होना होगा।
जानकारी देते हुए प्रभारी जिला क्रिडाधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि किसी भी एक खेल में कक्षा-6 में प्रवेश के लिए इच्छुक बालकों की आयु एक जुलाई, 2020 को 10 वर्ष से कम व 12 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त बालकों कोे स्वस्थ शरीर एवं खेलों के प्रति अभिरूचि तथा उत्तराखण्ड राज्य का मूल निवासी होना आवश्यक है। प्रारम्भिक चयन के अन्तर्गत शारीरिक परीक्षा में 60 मीटर दौड, स्टैंड़िग ब्राॅड जम्प, बाॅल थ्रो (400 ग्राम), 800 मीटर दौड़ एवं खेल विशेष की परीक्षा स्पोर्ट्स काॅलेज की चयन समिति की ओर से ली जायेगी। इच्छुक अभिभावक अपने बालकों को प्रारम्भिक चयन में प्रतिभाग करने के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में जन्मतिथि प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, स्थायी निवास प्रमाण पत्र सहित उपस्थित हो सकते हैं।
